सोमनाथ अमृत महोत्सव में शामिल हुए पीएम मोदी, 11 तीर्थों के पवित्र जल से किया मंदिर शिखर का अभिषेक

गुजरात। देश के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर के 75 वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को भव्य ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर के शिखर का अभिषेक कर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
सोमनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। करीब 90 मीटर ऊंची क्रेन की मदद से मंदिर के शिखर पर पवित्र जल चढ़ाया गया। इस गौरवपूर्ण क्षण के दौरान भारतीय वायुसेना की ‘सूर्य किरण’ एरोबैटिक टीम ने आसमान में शानदार एयर शो प्रस्तुत किया और मंदिर परिसर पर पुष्प वर्षा की गई। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम से पहले हेलिपैड से मंदिर तक लगभग 2 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने रास्ते में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
गौरतलब है कि 11 मई 1951 को स्वतंत्र भारत में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। वहीं, इतिहास में सन् 1026 में महमूद गजनवी द्वारा मंदिर पर किए गए हमले को भी एक हजार वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसके चलते इस आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
कार्यक्रम में देशभर से साधु-संत, श्रद्धालु और कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।




