7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग, BRICS समिट में लेंगे हिस्सा, पुतिन की मौजूदगी भी तय

नई दिल्ली, 20/05/26। चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping सितंबर 2026 में भारत दौरे पर आ सकते हैं। यदि सबकुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो वे 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह करीब 7 साल बाद होगा, जब शी जिनपिंग भारत की यात्रा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, चीन की ओर से भारत सरकार को इस प्रस्तावित दौरे की जानकारी दे दी गई है। इससे पहले शी जिनपिंग ने साल 2019 में भारत का दौरा किया था, जब वे तमिलनाडु के मामल्लापुरम पहुंचे थे।
इस बार BRICS Summit 2026 की मेजबानी भारत कर रहा है, ऐसे में सम्मेलन को कूटनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin के शामिल होने की भी पुष्टि हो चुकी है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS ने पुतिन के भारत दौरे की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि नई दिल्ली में होने वाले इस सम्मेलन के दौरान पुतिन और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। रूस के क्रेमलिन के अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन BRICS Summit में हिस्सा लेने भारत आएंगे।
पुतिन ने इससे पहले दिसंबर 2025 में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत का दौरा किया था। वहीं हाल ही में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी नई दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने BRICS सदस्य देशों की बैठक में हिस्सा लिया था।
विशेषज्ञों के मुताबिक, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन का भारत दौरा वैश्विक राजनीति और BRICS देशों के बीच सहयोग के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




