छत्तीसगढ़

दिल्ली के भारत मंडपम में कल गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, CM विष्णु देव साय की मौजूदगी में सात पारंपरिक नृत्यों की होगी भव्य प्रस्तुति

रायपुर,19 नवम्बर 2026

देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार, 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय विरासत की भव्य झलक देखने को मिलेगी। 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के तहत भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों सहित कई विशिष्ट अतिथि और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

सात पारंपरिक लोकनृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

राज्य दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के सात पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति होगी। इनमें गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य शामिल हैं। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और मधुर लोक संगीत के साथ कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दिल्ली के दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक दुनिया से परिचित कराएंगे।

इन नृत्यों में प्रदेश के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, लोक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है। वहीं गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों की पहचान हैं।

इसी तरह राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक परंपरा को प्रदर्शित करता है, जबकि सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति का प्रतीक है। पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा और करमा नृत्य जनजातीय जीवन, प्रकृति एवं सामूहिक उल्लास को दर्शाता है।

राष्ट्रीय मंच पर दिखाई देगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान

इस कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।

भारत मंडपम का छत्तीसगढ़ पवेलियन भी बना आकर्षण का केंद्र

भारत मंडपम में लगाया गया छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी देश-विदेश से पहुंच रहे आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। यहां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर, हस्तशिल्प और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।

पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क और हथकरघा वस्त्र विशेष आकर्षण बने हुए हैं। इसके अलावा वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद और कोदो, कुटकी एवं रागी जैसे मिलेट उत्पाद भी प्रदेश की कृषि और वन संपदा की पहचान प्रस्तुत कर रहे हैं।

आगंतुकों के लिए चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी उपलब्ध कराया गया है, जिसके जरिए लोग बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से महसूस कर सकते हैं। वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार, नए उत्पाद एवं व्यावसायिक पहल छत्तीसगढ़ में स्वरोजगार और उद्यमिता की बढ़ती संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह की प्रमुख जानकारी

  • दिनांक: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार
  • समय: शाम 5 बजे से
  • स्थान: एम्फी थिएटर-01, भारत मंडपम, नई दिल्ली
  • मुख्य अतिथि: रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़
  • अध्यक्षता: विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
  • प्रमुख प्रस्तुतियां: गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य।

इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी लोक परंपराओं, जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प और प्राकृतिक विरासत को देश के सामने प्रस्तुत करेगा। भारत मंडपम में होने वाली यह सांस्कृतिक संध्या राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान को नई ऊंचाई देने का अवसर बनेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar