छत्तीसगढ़

सैनिक स्कूल में कक्षा 6वीं से शुरू होगा सैन्य अधिकारी बनने का सफर, AISSEE 2027 के लिए आवेदन जारी, 31 जनवरी को परीक्षा

रायपुर, 19 नवंबर 2026

भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल एक बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। यहां कक्षा 6वीं से ही बच्चों को अनुशासन, शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण के माहौल में तैयार किया जाता है। सैनिक स्कूलों की शुरुआत वर्ष 1961 में तत्कालीन रक्षा मंत्री वी.के. कृष्ण मेनन की पहल पर हुई थी। देश का पहला सैनिक स्कूल महाराष्ट्र के सतारा में स्थापित किया गया था। इन संस्थानों का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के लिए तैयार करना और देश के सभी क्षेत्रों से सैन्य अधिकारियों की भागीदारी बढ़ाना है।

33 सैनिक स्कूल, नए साझेदारी स्कूल और लड़कियों को भी प्रवेश

रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा संचालित सैनिक स्कूलों की संख्या अब 33 हो चुकी है। इनके साथ साझेदारी के तहत संचालित नए सैनिक स्कूल भी शामिल हैं। वर्ष 2021-22 से सैनिक स्कूलों में लड़कियों को भी प्रवेश दिया जा रहा है। देश में सैनिक स्कूलों के अलावा देहरादून स्थित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC) की स्थापना वर्ष 1922 में हुई थी। वहीं, चौल, अजमेर, धौलपुर, बेलगाम और बेंगलुरु में पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) संचालित हैं।

AISSEE 2027 में कक्षा 6वीं और 9वीं के लिए प्रवेश

शैक्षणिक सत्र 2027-28 में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE 2027) आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से देश के 33 मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा 80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9वीं के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।

मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में संभावित सीटों की संख्या कक्षा 6वीं के लिए 3,160 निर्धारित है, जिनमें 351 सीटें लड़कियों के लिए हैं। वहीं, कक्षा 9वीं में संभावित सीटों की संख्या 732 है।

सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए आयु सीमा और पात्रता

कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच निर्धारित की गई है।

इसी तरह कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होनी आवश्यक है। साथ ही विद्यार्थी का कक्षा 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 9वीं में लड़कियों को प्रवेश सीटों की उपलब्धता के आधार पर दिया जाएगा।

31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग

AISSEE 2027 परीक्षा 31 जनवरी 2027 को पेन-एंड-पेपर यानी OMR आधारित प्रारूप में आयोजित होगी। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

कक्षा 6वीं की परीक्षा 150 मिनट की होगी, जिसमें कुल 300 अंक निर्धारित हैं। इसमें गणित के 150 अंक, भाषा के 50 अंक, बुद्धिमत्ता के 50 अंक और सामान्य ज्ञान/पर्यावरण अध्ययन के 50 अंक होंगे। कक्षा 6वीं की परीक्षा 13 भाषाओं में देने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

वहीं, कक्षा 9वीं की परीक्षा 180 मिनट की होगी और कुल 400 अंकों की होगी। यह परीक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 25 प्रतिशत और कुल 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। लिखित परीक्षा के बाद चयनित विद्यार्थियों को मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में कुल सीटों में से 67 प्रतिशत सीटें संबंधित स्कूल के गृह राज्य के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहती हैं।

RIMC और RMS में प्रवेश की अलग प्रक्रिया

राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC) में केवल कक्षा 8वीं में प्रवेश दिया जाता है। जुलाई 2027 सत्र के लिए प्रवेश परीक्षा (RIMCEE) 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा में अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान विषय शामिल होंगे। इसके बाद विद्यार्थियों को वाइवा और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

RIMC में प्रवेश के लिए 1 जुलाई 2027 को विद्यार्थी की आयु साढ़े 12 वर्ष से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच निर्धारित है।

दूसरी ओर, राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 13 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। RIMC और RMS दोनों संस्थानों की आवेदन प्रक्रिया क्रमशः 30 सितंबर और 20 अक्टूबर को बंद हो चुकी है। ऐसे में अभिभावकों को अगले शैक्षणिक सत्र के लिए अभी से तैयारी शुरू करने की सलाह दी गई है।

AISSEE 2027 आवेदन की अंतिम तिथि, शुल्क और जरूरी जानकारी

AISSEE 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

आवेदन पत्र में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक का समय दिया जाएगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027 को जारी किए जाएंगे।

आवेदन शुल्क:

  • सामान्य वर्ग एवं अन्य श्रेणियां: 850 रुपये
  • SC/ST वर्ग: 700 रुपये
  • विलंब शुल्क: 500 रुपये अतिरिक्त

आवेदन की आधिकारिक वेबसाइट: exams.nta.ac.in/AISSEE

हेल्पलाइन नंबर: 011-40759000

ईमेल: aissee@nta.ac.in

सैनिक स्कूलों में प्रवेश विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, अनुशासन और भविष्य में रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे में इच्छुक अभिभावकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar