छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बच्चों को गोद में लेकर कबड्डी खेलने मैदान में उतरीं महिलाएं, बस्तर ओलंपिक में पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों का दिखा जबरदस्त उत्साह

बस्तर,19 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में अब खेलों के जरिए बदलाव की नई तस्वीर सामने आ रही है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे गांवों में अब खेल गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसकी शानदार झलक सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 की क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिली। यहां महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान पहुंचीं और कबड्डी तथा रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

इस आयोजन में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की भागीदारी ने खेल प्रतियोगिता को एक बड़े ग्रामीण उत्सव का रूप दे दिया। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शा रही है कि बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब खेलों के प्रति नई जागरूकता और सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों की प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर ओलंपिक में दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों के खिलाड़ी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिल रहा है।

कभी पहुंचविहीन और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं दीपिका मुचाकी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों का सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ाव बढ़ता है। साथ ही युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच मिलता है।

जूनियर और सीनियर वर्ग में कई खेलों की प्रतियोगिताएं

बस्तर ओलंपिक में केवल युवा ही नहीं, बल्कि अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ी भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत जूनियर और सीनियर वर्ग में विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित कई खेलों की स्पर्धाएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण अंचलों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

क्लस्टर से जिला स्तर तक होगा बस्तर ओलंपिक का आयोजन

सुकमा जिले में बस्तर ओलंपिक 2026-27 की प्रतियोगिताओं का आयोजन अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है। इसके तहत 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे।

वहीं, 26 और 27 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये मुकाबले सुकमा के हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान में खेले जाएंगे।

बस्तर ओलंपिक के जरिए पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चों को गोद में लेकर मैदान में उतरती महिलाओं की भागीदारी इस आयोजन की खास तस्वीर बनकर सामने आई है। खेलों के माध्यम से बस्तर में सामाजिक सहभागिता, आपसी जुड़ाव और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया अवसर मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar