
कांकेर , 26/05/26। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कोरबा के बाद अब कांकेर जिले के सरोना गांव में हीट स्ट्रोक के कारण 500 से अधिक चमगादड़ों की मौत होने का मामला सामने आया है। लगातार हो रही इस घटना ने वन विभाग और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, सरोना गांव में पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में चमगादड़ अचानक पेड़ों से नीचे गिर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई चमगादड़ उड़ते-उड़ते जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिछले 2 से 4 दिनों के भीतर करीब 500 से ज्यादा चमगादड़ों की जान जा चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह घटना भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक का असर हो सकती है। इन दिनों जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने नौतपा के दौरान हीटवेव अलर्ट भी जारी किया है। गर्म हवाओं और तेज धूप का असर वन्यजीवों के साथ-साथ इंसानों पर भी गंभीर रूप से पड़ रहा है।
लगातार बढ़ती गर्मी के कारण जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
बता दें कि हाल ही में कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत नौकोनिया तालाब के आसपास लगे बड़े पेड़ों पर रहने वाले सैकड़ों चमगादड़ भी अचानक जमीन पर गिरने लगे थे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो गर्मी का असर अन्य जीव-जंतुओं पर भी देखने को मिल सकता है।




