छत्तीसगढ़ में घरेलू हिंसा का खौफनाक अंत, रोजाना की मारपीट से तंग पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर पति की हत्या की

मोहला-मानपुर,19 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति की रोजाना की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया है।
शराब के नशे में घर पहुंचकर करता था मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसने अपनी पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी ने आपा खो दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना
घटना के अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई खड़गांव थाने पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से खून लगी कुल्हाड़ी समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।
पूछताछ में पत्नी ने कबूली हत्या की बात
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजी गई आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी मालती बाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




