
कांकेर, 19 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पखांजूर पुलिस ने इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल में जबरन घुसकर उत्पात मचाने और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर भी जब्त किया है।
बच्चे की मौत के बाद अस्पताल में किया था हंगामा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 27 मई 2026 की सुबह करीब 8 बजे की है। एक बच्चे की मौत के बाद आसपास के गांवों के कुछ लोग आक्रोशित हो गए थे। आरोप है कि लोगों ने एकजुट होकर कापसी स्थित श्रीरामचंद्र अस्पताल में जबरन प्रवेश किया। इस दौरान अस्पताल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं।
CCTV कैमरे, कंप्यूटर, लैपटॉप और फर्नीचर तोड़े
पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर में घुसी भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान अस्पताल में लगे CCTV कैमरे, दरवाजे, खिड़कियां और कांच क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इसके अलावा टेबल-कुर्सियां, कंप्यूटर, लैपटॉप, एलईडी टीवी, एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया गया।
अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में अस्पताल से जुड़े सुनील हलदार निवासी कापसी ने 14 जून 2026 को पखांजूर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ था मामला
शिकायत के आधार पर पखांजूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 127(2), 324(5), 333, 190 और 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया था। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा तथा संपत्ति को क्षति व हानि) अधिनियम, 2016 की धारा 3 के तहत भी मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस की विशेष टीम ने 14 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन और एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में जांच आगे बढ़ाई गई।
थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों को बुलाकर पूछताछ की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और जानकारियों के आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजीत सरकार (28 वर्ष), समीर दास (39 वर्ष), किशोर राजवंशी (21 वर्ष), बप्पी मजूमदार (31 वर्ष), सोनातन उर्फ सनातन सरदार (28 वर्ष), संजीव कुमार मंडल (44 वर्ष), राजेश पाल (29 वर्ष), निर्मल चकवर्ती (33 वर्ष), सुमित समद्दार (31 वर्ष), विकास केशवानी (24 वर्ष), रमेन्द्र उर्फ रमेन मौलिक (39 वर्ष), नेपाल हलदार (53 वर्ष), कल्पना हलदार (47 वर्ष) और अर्जुन उर्फ अरजन हलदार (26 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी पखांजूर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।
आरोपी की निशानदेही पर डंडा और पत्थर जब्त
पुलिस ने पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी अजीत सरकार की निशानदेही पर अस्पताल में तोड़फोड़ के लिए इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और पत्थर जब्त किया है। सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पखांजूर निरीक्षक तेज कुमार वर्मा, थाना प्रभारी गोण्डाहूर निरीक्षक योगेश सोनी, थाना प्रभारी बड़गांव निरीक्षक अनिल पालेश्वर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अमिना, सहायक उपनिरीक्षक वेदन सलामे, पुरुषोत्तम ठाकुर और बिन्दुलता देवांगन सहित पखांजूर थाना पुलिस और डीआरजी बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से की कानून हाथ में नहीं लेने की अपील
पखांजूर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाएं और पुलिस का सहयोग करें।




