देश-विदेशनई दिल्ली

भारत आएंगे पाकिस्तान को हाथ काटने की धमकी देने वाले मंत्री, 20 नवंबर से दिल्ली में SCO बैठक में होंगे शामिल

नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026

भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौते को लेकर जारी तनाव के बीच एक बड़ी कूटनीतिक खबर सामने आई है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक भारत आने वाले हैं। वह 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की सिविलाइजेशनल डायलॉग बैठक में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। खास बात यह है कि भारत ने ही SCO की इस बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान को निमंत्रण भेजा था, जिसे पाकिस्तान ने स्वीकार कर लिया है।

भारत को हाथ काटने की धमकी देने वाले मंत्री आएंगे दिल्ली

डॉ. मुसादिक मसूद मलिक वही पाकिस्तानी मंत्री हैं, जिन्होंने सिंधु जल समझौते को लेकर भारत के खिलाफ विवादित बयान दिया था। उन्होंने धमकी देते हुए कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को हाथ लगाएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। उनके इस बयान के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से जारी तनाव के बीच विवाद और बढ़ गया था।

दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का फैसला लिया था। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से इस मुद्दे पर लगातार बयानबाजी की जाती रही है।

मई 2023 के बाद पहली बार पाकिस्तानी संघीय मंत्री का भारत दौरा

मुसादिक मलिक की यह यात्रा कूटनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा हो सकती है। वह 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में रहेंगे और SCO की सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक संवाद बैठक में हिस्सा लेंगे।

इस दौरे को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर तनाव बना हुआ है। ऐसे में SCO की बैठक में पाकिस्तान के प्रतिनिधि की भागीदारी पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रहेगी।

SCO में शामिल हैं 10 सदस्य देश

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसमें भारत, चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान, पाकिस्तान और बेलारूस सहित कुल 10 सदस्य देश शामिल हैं।

भारत की ओर से सभी सदस्य देशों को इस बैठक में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल भी पहले पुष्टि कर चुके हैं कि भारत ने SCO के सभी सदस्य देशों को बैठक के लिए आमंत्रित किया है।

अब पाकिस्तान की ओर से मुसादिक मलिक को प्रतिनिधि नामित किए जाने और उनके भारत आने से इस बैठक का कूटनीतिक महत्व और बढ़ गया है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar