छत्तीसगढ़जगदलपुर

योग दिवस पर केदार कश्यप का संदेश: योग को जीवन का हिस्सा बनाएं, स्वस्थ समाज का यही आधार

नारायणपुर, 21जून 2026

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोटमहर गार्डन, नारायणपुर में आयोजित जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने सहभागिता करते हुए जिलेवासियों को योग संकल्प की शपथ दिलाई और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य देन है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और आज यह वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से शांत और आत्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है।

मंत्री कश्यप ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। इसलिए योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग करने, परिवार के सदस्यों को इसके लिए प्रेरित करने और स्वस्थ, स्वच्छ एवं व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री केदार कश्यप ने उपस्थित नागरिकों को योग संकल्प की शपथ दिलाई और निरंतर योगाभ्यास करने का संदेश दिया।

इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar