किरंदुल को मिले 7.19 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

बस्तर , 8 जून 2026
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के तीसरे दिन किरंदुल में 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 4.14 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 3.04 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस दौरान उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क में बस्तर के प्रसिद्ध टाइगर ब्वाय चेंदरू की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
उप मुख्यमंत्री ने डीएमएफ मद से 3.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ऑक्सीजोन पार्क का लोकार्पण किया। साथ ही बैक हो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन और पानी टैंकर नगर पालिका को सौंपते हुए कहा कि इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं बेहतर होंगी।


कार्यक्रम में नाला निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण और विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। श्री साव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नगर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा और लोगों को बेहतर आवागमन व स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
उन्होंने बस पार्किंग एवं स्टेज-स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड और विद्युत व्यवस्था के लिए 1.58 करोड़ रुपये तथा अतिरिक्त 27 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही नगर पालिका की मांग पर 3.72 करोड़ रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों को मंजूरी देते हुए नए कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने मलंगीर जलप्रपात से किरंदुल और बचेली में पेयजल आपूर्ति की संभावनाओं पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी और व्यवहारिक परीक्षण के बाद क्षेत्र में स्थायी एवं प्रभावी पेयजल व्यवस्था विकसित करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
श्री साव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में किरंदुल नगर पालिका में 16.43 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप शहरों के विकास पर कार्य कर रही है, जिसमें स्वच्छता, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। इसी उद्देश्य से बस्तर क्षेत्र में सड़क, पेयजल और शहरी अधोसंरचना के विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए श्री साव ने कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं की गोद में बसा यह नगर प्रदेश के सबसे सुंदर शहरों में से एक है। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए इसे आदर्श और आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।




