छत्तीसगढ़बस्तर संभागबीजापुर

सेवा संकल्प अभियान: बीजापुर महादेव तालाब में वन मंत्री केदार कश्यप ने श्रमदान किया, स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान किया

बीजापुर, 02 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ तालाब परिसर की सफाई कर स्वच्छ भारत के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया।

अभियान के दौरान महादेव तालाब में फैली जलकुंभी और कचरे की सफाई की गई। वन मंत्री श्री कश्यप ने लोगों को सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में नागरिकों की भागीदारी जरूरी

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश के निर्माण के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ किया गया छोटा-सा प्रयास भी स्वच्छता अभियान को व्यापक जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण और निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट एवं पीपीई किट प्रदान किए गए।

स्वच्छता अभियान में पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar