केशलुर में विकास की बड़ी शुरुआत: मुरिया समाज भवन, सामुदायिक भवन और सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

जगदलपुर, 24 अप्रैल 2026। तोकापाल ब्लॉक के ग्राम पंचायत केशलुर सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। ग्राम पंचायत केशलुर में 20 लाख रुपये की लागत से मुरिया समाज के लिए सामुदायिक भवन, ग्राम पंचायत तेलीमारेंगा में 4 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और ग्राम पंचायत सोसानपाल में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ये निर्माण कार्य क्षेत्र के सामाजिक और बुनियादी विकास को मजबूती देंगे।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज भवन जैसी संरचनाएं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाती हैं।
विधायक विनायक गोयल ने कहा कि मुरिया समाज भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों और आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। लंबे समय से इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
कार्यक्रम में मुरिया समाज के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
भूमिपूजन कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों की विशेष भागीदारी रही। इस दौरान पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, बैदूराम कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप, कामदेव बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।




