छत्तीसगढ़जगदलपुर

ग्राम भाटागुड़ा में धूमधाम से मना ‘अंगना मिलन’ समारोह, पोषण और पारंपरिक गतिविधियों से दिया स्वास्थ्य का संदेश

जगदलपुर, 1 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में जगदलपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गरावांड कला के आश्रित ग्राम भाटागुड़ा में ‘अंगना मिलन’ एवं विशेष पोषण जागरूकता समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली हरी साग-सब्जियों, मौसमी फलों और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। विभागीय अधिकारियों ने संतुलित एवं विविध आहार के महत्व और स्थानीय खान-पान के लाभों की जानकारी दी। साथ ही महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने गए और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

समारोह के दौरान महिलाओं ने मटका फोड़ और कुर्सी दौड़ जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। किशोरी बालिकाओं के लिए रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज सिन्हा ने कुपोषण उन्मूलन के लिए स्वच्छता, संतुलित खान-पान और विभागीय योजनाओं में सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया।

इस अवसर पर परियोजना अधिकारी संध्या ज्योति बाला, कार्यक्रम आयोजक सुपरवाइजर निहारिका गौतम, सुपरवाइजर रेखा नाग, अनीता सिंह और ज्योत्सना सहित ग्रामीण क्षेत्र की सुपरवाइजर्स, स्थानीय पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

समारोह के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar