पेटपुली नदी में बाढ़ से करपावंड-जैबेल सड़क बंद, रपटे के ऊपर बह रहा पानी; स्कूल बच्चे, मरीज और ग्रामीण दोनों तरफ फंसे

बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक में हुई मूसलाधार बारिश ने सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी। करपावंड से जैबेल को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पेटपुली नदी में बाढ़ आने से पूरी तरह बंद हो गया है। नदी का पानी रपटे के ऊपर से बह रहा है, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। आवाजाही बाधित होने से सैकड़ों ग्रामीण परेशान हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, करपावंड-जैबेल मार्ग पर पेटपुली नदी के ऊपर ऊंचा पुल नहीं है और छोटे रपटे से ही आवागमन होता है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ते ही यह मार्ग बंद हो जाता है। लगातार बारिश के बाद नदी में बाढ़ की स्थिति बनने से शनिवार सुबह से ही लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित है।
मार्ग बंद होने से स्कूल जाने वाले बच्चे, अस्पताल जाने वाले मरीज, कर्मचारी और बाजार जाने वाले ग्रामीण दोनों ओर फंसे हुए हैं। कुछ लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल करीब तीन से चार महीने तक ऐसी स्थिति बनी रहती है। पेटपुली नदी पर ऊंचा पुल बनाने के लिए जनपद, कलेक्टर और पीडब्ल्यूडी विभाग को कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पेटपुली नदी पर तत्काल ऊंचे पुल के निर्माण को मंजूरी देने और पुल बनने तक वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना के बावजूद मौके पर पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की टीम नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मार्ग को बहाल करने के साथ पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे।




