चारगांव पंचायत में फिर गड़बड़ी का आरोप: रंगाई-पुताई के नाम पर 28,200 रुपए निकाले, भवन में अब तक काम अधूरा

बकावंड। बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चारगांव में शासकीय राशि के आहरण को लेकर कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं शासकीय भवन की रंगाई-पुताई के नाम पर बिल प्रस्तुत कर सरकारी राशि निकालने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय भवन की रंगाई-पुताई के नाम पर पटेल हार्डवेयर के बिल के माध्यम से 28 हजार 200 रुपए का भुगतान अथवा आहरण किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशि निकालने के बावजूद आज तक भवन में रंगाई-पुताई का कार्य नहीं कराया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब मौके पर काम ही नहीं हुआ, तो किस आधार पर बिल प्रस्तुत कर शासकीय राशि का भुगतान कराया गया?
वहीं, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के नाम पर भी बिल प्रस्तुत कर सरकारी राशि निकालने के आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित बिलों, भुगतान अभिलेखों और कार्य की वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।
बस्तर डगर की टीम जांच में जुटी
इस पूरे मामले को लेकर बस्तर डगर की टीम भी जांच-पड़ताल में जुट गई है। टीम द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों, बिलों और मौके की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा ग्राम पंचायत में अन्य मदों से भी राशि के आहरण और संभावित अनियमितताओं से जुड़े मामले सामने आने की आशंका जताई जा रही है। आने वाले दिनों में अन्य मदों के भुगतान और कराए गए कार्यों की भी पड़ताल की जा सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिना कार्य कराए सरकारी राशि का आहरण किया गया है, तो यह गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला है। उन्होंने संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
सचिव और सरपंच से नहीं हो सका संपर्क
इस संबंध में सचिव रूपत राम कश्यप से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से फोन रिसीव नहीं किया गया। वहीं, ग्राम पंचायत के सरपंच से भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे भी बात नहीं हो सकी। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




