टंडवा को 8.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री टंक राम वर्मा बोले- विकास का कोई विकल्प नहीं

रायपुर,28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड अंतर्गत ग्राम टंडवा में 8.32 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है और सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने 444.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दैहानपारा से झोपड़ापारा-बैकुंठ सड़क (2.675 किलोमीटर) तथा 387.69 लाख रुपये की लागत वाली टंडवा से बैकुंठ सड़क (2.65 किलोमीटर) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में 5 लाख रुपये के साइकिल स्टैंड और 10 लाख रुपये के प्रार्थना शेड का लोकार्पण भी किया गया।
टंक राम वर्मा ने कहा कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग अब पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में भी इस मार्ग को स्वीकृति मिली थी, लेकिन कार्य पूरा नहीं हो सका था। अब दो प्रमुख सड़कों के निर्माण से विद्यार्थियों, कामगारों, दुकानदारों और ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में पंचायत क्षेत्र में लगभग 77 लाख रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें शेड निर्माण, महतारी सदन, पीडीएस भवन, उद्यान विकास, शौचालय, साइकिल स्टैंड और स्मार्ट क्लास जैसी जनहितकारी परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, न कि सत्ता का प्रदर्शन। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कर्मों से होती है और ईमानदारी व समर्पण के साथ किया गया कार्य ही समाज में सम्मान दिलाता है।
इस अवसर पर जिला एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष, सरपंच, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





