Bastar News Update: पाट जात्रा से कोर्ट के फैसले तक, नशे पर कार्रवाई और सड़क-कचरे की समस्या समेत पढ़ें आज की बड़ी खबरें

बस्तर, 13 अगस्त 2026
बस्तर संभाग से गुरुवार को कई अहम खबरें सामने आई हैं। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव की पहली रस्म ‘पाट जात्रा’ पारंपरिक पूजा-विधान के साथ संपन्न हुई। वहीं नारायणपुर विस्फोटक सप्लाई मामले में तीन आरोपियों को दोषी करार दिया गया है। इसके अलावा करकापाल में कचरा प्रबंधन की समस्या, बचेली में मशीनों में आगजनी और नारायणपुर के बेड़मापारा में ग्रामीणों द्वारा श्रमदान से सड़क निर्माण शुरू करने का मामला भी सामने आया है।
बस्तर दशहरा की पहली रस्म पाट जात्रा संपन्न
बस्तर दशहरा की औपचारिक शुरुआत हरेली अमावस्या पर पाट जात्रा पूजा विधान के साथ हुई। दंतेश्वरी मंदिर के सामने माचकोट के जंगल से लाई गई साल की लकड़ी की पारंपरिक पूजा की गई। इसे दूरलू खोटला और टीका पाटा कहा जाता है और इसी लकड़ी को रथ निर्माण की पहली लकड़ी माना जाता है।
परंपरा के अनुसार पूजा के बाद बलि की रस्म भी निभाई गई। पाट जात्रा में पारंपरिक मांझी-चालकी, पुजारी, पटेल, नाईक-पाईक और बड़ी संख्या में सेवादार मौजूद रहे।
नारायणपुर विस्फोटक सप्लाई केस में तीन दोषी
नारायणपुर में नक्सली नेटवर्क तक विस्फोटक सामग्री पहुंचाने के मामले में विशेष अदालत ने तीन आरोपियों चमेली बाई, रवि मरकाम उर्फ सुशील और कोसरू वड्डे को दोषी ठहराया है।
मामले में चार डेटोनेटर, सात बोरी पोटेशियम नाइट्रेट, सात मीटर कॉर्डेक्स वायर और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। अदालत ने विभिन्न धाराओं में आरोपियों को सात वर्ष तक के सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।
करकापाल में बढ़ती आबादी के बीच कचरा बना चुनौती
करकापाल इलाके में आबादी बढ़ने के साथ कचरा प्रबंधन की समस्या भी बढ़ रही है। हाटकचोरा से अवंतिका कॉलोनी तक सड़क चौड़ी होने के बाद आवाजाही बढ़ी है और क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है।
सुरक्षा कारणों से हवाई पट्टी के पीछे कचरा फेंकने और जलाने पर रोक है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा रात के समय सड़क किनारे कचरा डालने की शिकायतें सामने आई हैं। सती माता मंदिर मार्ग पर भी कचरा फेंके जाने की शिकायत है। स्थानीय लोगों ने नियमित निगरानी बढ़ाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
82 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार
बस्तर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाटपाल चौक के पास एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से पाइवॉन स्पास प्लस की 82 कैप्सूल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 100 रुपये नकद बरामद हुए।
जब्त दवाओं की कीमत करीब 816 रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय जयराम विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने NDPS Act की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
बचेली में मशीनों में आगजनी, CCTV खराब
दंतेवाड़ा के बचेली में 11 अगस्त की रात कल्पतरु कंपनी की साइट पर खड़ी एक एक्सकेवेटर और क्रेन के इंजन में आग लगा दी गई। सुरक्षा गार्डों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
साइट का CCTV कैमरा खराब बताया जा रहा है, जिससे आरोपियों की पहचान में पुलिस को परेशानी हो सकती है। फिलहाल पुलिस घटना को नक्सली वारदात नहीं मान रही है और पूर्व में हुई आगजनी की घटनाओं को जोड़कर भी जांच कर रही है।
तीन पीढ़ियों से सड़क का इंतजार, ग्रामीणों ने खुद शुरू किया निर्माण
नारायणपुर की पंचायत आंवरी के आश्रित ग्राम बेड़मापारा के ग्रामीण करीब तीन पीढ़ियों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। बार-बार मांग के बावजूद समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने अब फावड़े और ट्रैक्टर जुटाकर श्रमदान से रास्ता सुधारना शुरू कर दिया है।
बारिश के दौरान सड़क कीचड़ में बदल जाती है, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है। ग्रामीणों ने पक्की सड़क के साथ पुल और पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।




