छत्तीसगढ़

केदार कश्यप के निर्देश पर वनभूमि अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 106 हेक्टेयर कोर क्षेत्र कराया मुक्त

रायपुर/गरियाबंद,17 सितम्बर 2026

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (USTR) के सीतानदी कोर रेंज में वनभूमि अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत करीब 106 हेक्टेयर अतिक्रमित वनभूमि को मुक्त कराया गया। कार्रवाई में जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से धमतरी, गरियाबंद, कांकेर और USTR की महिला वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश की वन संपदा और वन्यजीव आवासों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। संवेदनशील वन क्षेत्रों में अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के साथ आधुनिक तकनीक से निगरानी और मुक्त कराई गई भूमि के पारिस्थितिक पुनर्स्थापन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

चार वर्षों में 1,000 हेक्टेयर से अधिक वनभूमि मुक्त

USTR में पिछले चार वर्षों से अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 1,000 हेक्टेयर से अधिक वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है। सीतानदी कोर रेंज की वर्तमान कार्रवाई इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।

अभिलेखों के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में वर्ष 2011-13 के दौरान करीब 45 हेक्टेयर अतिक्रमण दर्ज था, जो समय के साथ बढ़कर लगभग 106 हेक्टेयर तक पहुंच गया।

ISRO सैटेलाइट और ड्रोन मैपिंग से सीमांकन

अतिक्रमण की सटीक पहचान के लिए ISRO की सैटेलाइट इमेजरी और DGPS आधारित ड्रोन मैपिंग का उपयोग किया गया। अलग-अलग वर्षों की सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण से वन क्षेत्र में हुए बदलावों का आकलन किया गया और ड्रोन सर्वे के जरिए अतिक्रमित भूमि का वैज्ञानिक सीमांकन किया गया।

प्रकरण में कुल 166 आरोपियों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 40 की गिरफ्तारी की जा चुकी है। वैज्ञानिक साक्ष्यों, मैदानी अभिलेखों और उपलब्ध कानूनी दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

मुक्त भूमि पर 1,500 पौधों का रोपण

अतिक्रमण हटाने के बाद क्षेत्र में पारिस्थितिक पुनर्स्थापन का काम भी शुरू किया गया है। इसके तहत कंटूर ट्रेंच निर्माण, वर्षाजल संचयन, मृदा-नमी संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण और करीब 1,500 पौधों का रोपण किया जा रहा है।

मुक्त कराया गया क्षेत्र हाथी कॉरिडोर का हिस्सा है और महानदी के उद्गम क्षेत्र के निकट स्थित है। ऐसे में इसका संरक्षण वन्यजीवों की आवाजाही, जल संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महिला वनबल ने संभाला मोर्चा

अभियान में धमतरी, गरियाबंद, कांकेर और उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की महिला वन अधिकारियों एवं वनकर्मियों ने दुर्गम और संवेदनशील परिस्थितियों में मोर्चा संभाला। कार्रवाई में घुरावाड़, बरबंधा और भुरसीडोंगरी के ग्रामीणों का भी सहयोग मिला।

वन मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को मुक्त कराए गए क्षेत्र की सतत निगरानी सुनिश्चित करने और वन एवं वन्यजीव क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar