रायगढ़ के पिकनिक स्पॉट पर युवती से गैंगरेप, बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई थी, दो युवकों ने मारपीट कर पैसे भी छीने

रायगढ़, 16 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन में अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमने गई 20 वर्षीय युवती के साथ दो युवकों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। आरोपियों ने पहले युवक और युवती को धमकाया, उनके साथ मारपीट की और पैसे छीन लिए। इसके बाद युवती के साथ वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
पहाड़ पर घूमने पहुंचे थे युवक-युवती
जानकारी के मुताबिक, सक्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती शनिवार को अपने बॉयफ्रेंड के साथ बोतल्दा स्थित अटल रॉक गार्डन घूमने गई थी। दोनों पिकनिक स्पॉट से पहाड़ के ऊपर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां दो युवक आ गए।
आरोप है कि दोनों युवकों ने पहले युवक और युवती को धमकाया। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर रुपए छीन लिए। फिर दोनों आरोपियों ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। उनकी पहचान बोतल्दा निवासी राहुल पटेल (22) और थनेश्वर पटेल (20) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों पर पहले भी इस इलाके में ऐसी घटनाओं को अंजाम देने के आरोप बताए जा रहे हैं। हालांकि, पूर्व की घटनाओं को लेकर किसी पीड़ित द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
SDOP ने दी मामले की जानकारी, जांच जारी
खरसिया SDOP सतीश भार्गव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।




