Bastar news update:बस्तर में धान खरीदी के पहले दिन कई केंद्रों पर पसरा सन्नाटा, ट्रक चालकों की हड़ताल से माल परिवहन भी प्रभावित,अबूझमाड़ में सड़क के लिए 65 ग्रामीणों ने खुद उठाए फावड़े, सुकमा में 27 खरीदी केंद्रों पर नहीं पहुंचा एक भी किसान

बस्तर,16 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही कई जिलों में अलग-अलग तस्वीरें सामने आई हैं। कहीं खरीदी केंद्रों में किसानों की कम आमद रही, तो कहीं पहले दिन एक भी किसान धान बेचने नहीं पहुंचा। दूसरी ओर ट्रक चालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर माल परिवहन पर भी बढ़ने लगा है। वहीं, अबूझमाड़ में सड़क नहीं बनने से परेशान ग्रामीणों ने खुद श्रमदान कर रास्ता तैयार किया। इसके अलावा सुकमा में पुलिस ने जूट की बोरी में छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब जब्त की है।
बस्तर में पहले दिन 88 में से 9 केंद्रों पर पहुंचा धान
जगदलपुर। बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हुई। जिले के 88 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारी थी, लेकिन पहले दिन केवल 9 केंद्रों पर ही धान पहुंचा। इन केंद्रों में कुल 51 क्विंटल धान की खरीदी हुई, जबकि बाकी 79 केंद्रों में पूजा के बाद भी तौल शुरू नहीं हो सकी।
किसानों की कम आमद का कारण फसल कटाई और धान सुखाने की प्रक्रिया को बताया जा रहा है। दशहरा के बाद से किसान खेतों में फसल समेटने में जुटे हैं। ऐसे में बड़ी मात्रा में धान केंद्रों तक पहुंचने में अभी समय लग सकता है।
इस बार खरीदी व्यवस्था में बायोमेट्रिक सत्यापन को प्राथमिकता दी गई है। किसानों को घर बैठे टोकन लेने के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप की सुविधा दी गई है। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन से तौल कराने की तैयारी है। प्रत्येक उपार्जन केंद्र में कम से कम तीन कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
ट्रक चालकों की हड़ताल का असर बढ़ा, रेलवे साइडिंग पर रैक रोकने की मांग
जगदलपुर। बस्तर में 12 नवंबर से जारी ट्रक चालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब माल परिवहन व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन के समर्थन में बस्तरिया ट्रक ड्राइवर कल्याण संघ और बस्तर लोकल ड्राइवर संघ ने जगदलपुर और रायकोट रेलवे स्टेशन के प्रबंधकों को ज्ञापन सौंपा है।
दोनों संगठनों ने हड़ताल समाप्त होने तक रेलवे साइडिंग पर मालगाड़ियों के रैक नहीं लगाने की मांग की है। संघों का कहना है कि चालकों की मांगों पर 15 नवंबर तक कोई ठोस आश्वासन या निर्णय सामने नहीं आया है। संगठनों के मुताबिक, रेलवे साइडिंग पर मालगाड़ियों से लोडिंग और अनलोडिंग होने से आंदोलन कमजोर पड़ सकता है। अब रेलवे प्रबंधन के फैसले पर सबकी नजर है।
चार किलोमीटर सड़क के लिए 65 ग्रामीणों ने खुद उठाए फावड़े
नारायणपुर। अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने श्रमदान कर मिसाल पेश की है। ग्राम पंचायत हिकुल के आश्रित गांव मोड़नार और हांदावाड़ा में आवागमन की समस्या को देखते हुए करीब 65 ग्रामीणों ने मिलकर चार किलोमीटर लंबी पगडंडी तैयार कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण के लिए पहले जिला कलेक्टर को आवेदन दिया गया था, लेकिन मांग पर कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने खुद रास्ता बनाने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर गांव नहीं पहुंचने तथा समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया है।
इसके साथ ही मजदूरी भुगतान का मामला भी सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि छह दिनों की मजदूरी के लिए उन्हें नारायणपुर और कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 के सदस्य गुड्डू उसेंडी और राकेश उसेंडी गांव पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सड़क निर्माण और लंबित मजदूरी भुगतान का निराकरण कराने की जरूरत बताई।
सुकमा के 27 खरीदी केंद्रों में पहले दिन नहीं हुई धान खरीदी
सुकमा। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हुई, लेकिन पहले दिन सभी 27 उपार्जन केंद्रों में सन्नाटा पसरा रहा। किसी भी किसान का टोकन नहीं कटने के कारण खरीदी की शुरुआत नहीं हो सकी।
इस खरीफ सीजन में जिले के 18,641 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इनका कुल पंजीकृत रकबा 36,389.55 हेक्टेयर है। पिछले खरीफ सीजन में जिले में करीब आठ लाख क्विंटल धान का उपार्जन हुआ था।
दूरस्थ किसानों की सुविधा के लिए बुड़दी और बड़ेसेट्टी में दो नए खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले में 14 चेकपोस्ट बनाए गए हैं और सातों तहसीलों में उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं। किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 07864-284012 भी जारी किया गया है।
जूट की बोरी में छिपाकर ले जा रहा था अंग्रेजी शराब, आरोपी गिरफ्तार
सुकमा। जिले में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छिंदगढ़ पुलिस ने एक बाइक सवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी जूट की बोरी में अंग्रेजी शराब छिपाकर सुकमा से मुर्रेपाल रोड होते हुए पाकेला की ओर जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पाकेला माहरापारा से बिरसठपाल जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध हीरो एचएफ डीलक्स बाइक को रोककर तलाशी ली गई। जूट की बोरी से छत्तीसगढ़ राज्य के लेबल वाली जम्मू कंपनी की अंग्रेजी शराब के 98 पौवा बरामद हुए। प्रत्येक पौवा 180 एमएल का था और कुल मात्रा 17.640 लीटर पाई गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव कुमार बेसरा (35 वर्ष), निवासी ग्राम कुकानार के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब की कीमत 11,760 रुपये और बाइक की कीमत 40 हजार रुपये सहित कुल 51,760 रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोंडागांव में पहले दिन 16 किसानों ने बेचा धान, छह नए केंद्र शुरू
कोंडागांव। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन 16 किसानों ने अपनी उपज बेची। इस दौरान कुल 22 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में खरीदी प्रक्रिया 15 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगी।
किसानों को दूर के केंद्रों तक जाने और लंबी कतारों से बचाने के लिए इस साल छह नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इनमें कोंडागांव विकासखंड का चलका, माकड़ी के इंगरा और भाटगांव, फरसगांव का चिंगनार, केशकाल का सालेभाट और बड़ेराजपुर का बड़ागांव शामिल हैं।
जिले में कुल 73 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। इस साल 55,069 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है, जबकि पिछले साल यह संख्या 53,614 थी। यानी इस वर्ष पंजीकृत किसानों की संख्या में 1,455 की बढ़ोतरी हुई है। कुल पंजीकृत रकबा 45,280.56 हेक्टेयर है। किसानों को घर बैठे टोकन उपलब्ध कराने के लिए तुंहर टोकन एप की सुविधा भी दी गई है।




