
जगदलपुर, 17 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से देश और प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत समाज और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।
इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को महारानी अस्पताल पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महारानी अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किए गए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने शिविर में मौजूद अन्य रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और युवाओं के संवेदनशीलता एवं निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त आपातकालीन परिस्थितियों, गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं में घायलों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने शिविर में सेवा दे रहे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के समर्पण की भी सराहना की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और समर्पण का उदाहरण रहा है। उनके 25 वर्षों के सेवा पथ से प्रेरणा लेकर सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अभियान से जुड़ने और नियमित रक्तदान को अपनी आदत बनाने की अपील की।
उप मुख्यमंत्री ने महारानी अस्पताल में एड्स जागरूकता, बचाव और आधुनिक उपचार संसाधनों पर आधारित ज्ञानवर्धक नाटक का मंचन भी देखा। नाटक के माध्यम से बीमारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और समय पर आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने का संदेश दिया गया। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि जनजागरूकता स्वास्थ्य अभियानों की सफलता की मजबूत कड़ी है।
महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में आयोजित रक्तदान शिविरों में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उप मुख्यमंत्री के स्वयं रक्तदान करने से शिविर में मौजूद युवाओं का उत्साह बढ़ा। दिनभर चले शिविर में बड़ी संख्या में रक्त यूनिट एकत्रित की गई, जिससे स्थानीय ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता और मजबूत होगी।
महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण
सेवा संकल्प अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ की भावना को बढ़ावा देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प दोहराते हुए आमजनों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील की।
इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना सहित जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और रक्तदातागण उपस्थित रहे।




