छत्तीसगढ़

ग्राम कोलर में 18 चिकित्सकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, विधायक इंद्रकुमार साहू ने नाली निर्माण के लिए दिए 10 लाख रुपये

रायपुर,16 नवम्बर 2026

ग्राम कोलर में विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी ग्राम गौरव प्रतिभा परिवार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में गांव के 18 चिकित्सकों, दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, समाजसेवी संस्थाओं और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अंडरग्राउंड नाली निर्माण हेतु 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां वीणापाणि के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल रहे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने की।

समारोह में प्रदेशाध्यक्ष यादव ठेठवार समाज छत्तीसगढ़ संतोष यदु, समाजसेवी संस्था वक्ता मंच रायपुर के शुभम साहू एवं उनकी टीम तथा मानव सेवा मिशन बालको, कोरबा को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करते हुए सुश्री दुर्गा साहू एवं उनकी टीम ने पंडवानी की शानदार प्रस्तुति दी। आयोजन समिति के संरक्षक हरिराम यादव ने स्वागत उद्बोधन में समारोह के तीसरे वर्ष की सफलता और समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

ग्राम गौरव सम्मान से सम्मानित तथा गुडविल हॉस्पिटल रायपुर के संचालक डॉ. सत्यजीत साहू (एमबीबीएस, एमडी) ने कहा कि व्यक्ति जीवन में सफलता के किसी भी मुकाम पर पहुंच जाए, लेकिन उसे अपनी जड़ों और संस्कृति से हमेशा जुड़े रहना चाहिए। यही जीवन की वास्तविक सार्थकता है।

राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्र ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सभी को अपनी मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए मिलकर काम करना चाहिए। छत्तीसगढ़ी भाषा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए एकाग्रता बनाए रखने और राष्ट्र के प्रति सदैव कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा दी।

अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने ग्राम कोलर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से अंडरग्राउंड नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अब गांव के बच्चे भी मेरिट सूची में स्थान बना रहे हैं। पीएससी और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होकर युवा गांव और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु ने कहा कि गांव के किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को ट्राइसाइकिल अथवा अन्य आवश्यक सामग्री की जरूरत होगी तो वे सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए 5 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की भी घोषणा की।

समारोह में सम्मानित चिकित्सकों में डॉ. सत्यजीत साहू, डॉ. देवनाथ साहू, डॉ. रमेश साहू, डॉ. धनेश्वर साहू, डॉ. तोषण साहू, डॉ. तिजेश यादव, डॉ. दीपक साहू, डॉ. हर्षा चंद्राकर, डॉ. विवेक साहू, डॉ. कमलेश मंडल, डॉ. कमलजीत साहू, डॉ. गिरधर साहू, डॉ. रामशरण यादव और डॉ. मोहन पाल सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं अतिथि के रूप में अन्नू तारक, सभापति जिला पंचायत रायपुर; संतोष यदु, प्रदेशाध्यक्ष यादव ठेठवार समाज छत्तीसगढ़; राघवेन्द्र साहू, रायपुर ग्रामीण जिला खनिज न्यास सदस्य; गुरुनारायण यादव, डीएसपी; तनु महेश साहू, जनपद सदस्य कोलर-सारखी; शकुंतला महेश्वर बांधे, सरपंच ग्राम पंचायत कोलर तथा प्रकाश साहू उपस्थित रहे।

आयोजन समिति की ओर से संरक्षक हरिराम यादव, अध्यक्ष सौम्य मिश्रा, गजेन्द्र कुमार साहू, गज्जू यादव, सत्येन्द्र साहू, मनोज पटेल, टिकू साहू, यशकुमार, रघुराम साहू, भारत ध्रुव, दीपक साहू, संतोष साहू, शेष नारायण साहू और त्रिलोकी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन कवि डिकेश्वर साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. तोषण साहू ने किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar