कोंडागांवछत्तीसगढ़

बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान जरूरी: वन मंत्री केदार कश्यप ने आंगन मिलन सेवा में किया संवाद


कोंडागांव, 08 अक्टूबर 2026

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने गुरुवार को कोंडागांव जिले के गोलावंड स्थित स्कूलपारा आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं से संवाद किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पोषण एवं कुपोषण की स्थिति की जानकारी ली और बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

वन मंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनकी सीखने और पहचानने की क्षमता परखी। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से फल, पशु-पक्षियों और विभिन्न वस्तुओं की पहचान की। मंत्री ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें फल और चॉकलेट वितरित किए।

उन्होंने महिलाओं से बच्चों को संतुलित आहार देने और गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण का विशेष ध्यान रखने की अपील की। कार्यक्रम में पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

श्री कश्यप ने आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए केंद्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पालकों को कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन सहायिका सहित छह महिलाओं को उनके सेवाभाव और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar