बस्तर में पंचायत उपचुनाव 2026 की तैयारियां तेज, 7 जनपद पंचायतों में 21 सेक्टर अधिकारी और निर्वाचन अधिकारी नियुक्त

जगदलपुर,23 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की 7 जनपद पंचायतों में 2 सरपंच और 20 पंच पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने 21 सेक्टर अधिकारियों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति की है।
जारी आदेश के अनुसार, 21 सेक्टर अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, निरीक्षण और पर्यवेक्षण करेंगे। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
जगदलपुर जनपद पंचायत के माड़पाल में एक सरपंच पद के निर्वाचन के लिए तहसीलदार राहुल कुमार गुप्ता को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिरेन्द्र बहादुर को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
बस्तर जनपद पंचायत के नवा रतेंगा, सितलावंड, मुरकुची, कुम्हली और भोण्ड में 5 पंच पदों के लिए तहसीलदार जॉली जेम्स और मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता वर्मा को क्रमशः रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है।
बकावंड जनपद पंचायत के चारगांव, गारेंगा, कोहकापाल, छोटेदेवड़ा, नलपावंड, तारापुर और पोलेबेड़ा में 7 पंच पदों के निर्वाचन के लिए तहसीलदार जागेश्वरी गावड़े को रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता साहू को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है।
लोहंडीगुड़ा जनपद पंचायत के मारीकोडेर, अलनार और तारागांव में 3 पंच पदों तथा बोदली में एक सरपंच पद के निर्वाचन के लिए तहसीलदार कैलाश पोयाम को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी धनेश्वर पाण्डे को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
इसी तरह तोकापाल जनपद पंचायत के केशलूर में एक पंच पद के लिए तहसीलदार यशोदा केतारप और मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलू तिर्की को निर्वाचन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बास्तानार जनपद पंचायत के जूनाटप्पा, बड़े किलेपाल-3 और बड़े किलेपाल-1 में 2 पंच पदों के निर्वाचन के लिए तहसीलदार पुष्पराज मिश्रा को रिटर्निंग ऑफिसर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मंडावी को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है।
वहीं दरभा जनपद पंचायत के कामानार में एक पंच पद के निर्वाचन के लिए तहसीलदार सुनील कुमार ध्रुव को रिटर्निंग ऑफिसर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुन्ना कश्यप को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए 21 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनमें जगदलपुर में सुरेश चन्द्र सिंह, बस्तर में आई.पी. बंजारे, बकावंड में विविध सिंह, लोहंडीगुड़ा में आशाराम पोर्ते, तोकापाल में राजकुमार मिश्रा, बास्तानार में पीएन ठाकुर और दरभा में कुलवंत सिंह पावले सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
सभी सेक्टर अधिकारी अपने आवंटित मतदान केंद्रों के भवनों और कक्षों का भौतिक सत्यापन तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, निर्बाध और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।




