छत्तीसगढ़बस्तर संभागसुकमा

घुटनों के बल चलने वाली सुकमा की दीपिका ने बोन टीबी को हराया, अब नवोदय विद्यालय में बना रही सुनहरा भविष्य

सुकमा, 14 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की बेटी दीपिका नाग ने संघर्ष और हौसले की मिसाल पेश की है। कभी गंभीर बीमारी के कारण घुटनों के बल चलने को मजबूर दीपिका आज बोन टीबी (हड्डी की टीबी) को मात देकर जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 11वीं की छात्रा के रूप में अपने सपनों को नई उड़ान दे रही हैं।

सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुला घाट निवासी स्व. तुलसीराम नाग की पुत्री दीपिका को वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक परेशानी के चलते जिला अस्पताल लाया गया था। उस समय वह अपने पैरों पर खड़ी होने में भी असमर्थ थीं। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने जांच के बाद उन्हें बोन टीबी से पीड़ित पाया।

स्वास्थ्य विभाग ने दीपिका को दूसरे जिले में रेफर करने के बजाय सुकमा में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। उन्हें एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रखकर निगरानी में इलाज किया गया। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से करीब दो वर्षों तक निःशुल्क उपचार जारी रहा।

इस दौरान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत दीपिका को नियमित जांच के साथ पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। उपचार और पोषण सहायता से उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हुआ और उनका वजन भी 15 किलोग्राम बढ़ा।

बीमारी से पूरी तरह उबरने के बाद दीपिका ने दोबारा अपने पैरों पर चलना शुरू किया और फिर दौड़ने लगीं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की। आज वह कक्षा 11वीं में पढ़ाई कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

प्रशासन की ओर से दीपिका के स्वास्थ्य की निगरानी अब भी जारी है। हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक जयनारायण सिंह ने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य का फॉलोअप लिया। इस दौरान उन्हें वर्ष 2020 की अस्पताल में भर्ती रहने के समय की पुरानी तस्वीर दिखाई गई। तस्वीर देखकर दीपिका भावुक हो गईं और उनके चेहरे पर संतोष भरी मुस्कान आ गई।

दीपिका और उनके परिवार ने नया जीवन और बेहतर भविष्य देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया है। कभी गंभीर बीमारी से जूझने वाली दीपिका आज अपनी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्ष के बल पर सुकमा की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar