बस्तर की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, तोकापाल में शुरू हुआ विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026

जगदलपुर, 16 नवंबर 2026
बस्तर की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को तोकापाल में विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर की माटी में छिपी प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। यह आयोजन ग्रामीण अंचलों के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ेंगे और भविष्य में बस्तर का नाम रोशन करेंगे। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिली।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामबती भंडारी, जिला पंचायत सदस्य सुश्री पदमनी कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रितेश जोशी और जनपद सदस्य श्री गंगा राम बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के सरपंचगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। बस्तर ओलंपिक 2026 के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।




