छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

नक्सली डंप से विस्फोटक सामग्री बरामद, बस रोककर चालक-परिचालक से मारपीट; बस्तर में कई घटनाएं

बस्तर,8 सितम्बर 2026

बस्तर संभाग में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। सुकमा में सुरक्षा बलों ने नक्सली डंप से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। वहीं जगदलपुर में बस रोककर चालक-परिचालक से मारपीट के मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

सुकमा के चिंतलनार थाना क्षेत्र के चिन्नाबोड़केल के पहाड़ी-जंगल इलाके में सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सली डंप बरामद किया। डंप से भरमार बंदूक, 57 बीजीएल पाइप, डेटोनेटर, शॉक ट्यूब और गन पाउडर सहित वायरलेस सेट, बैटरियां, इलेक्ट्रिक वायर, सर्किट बोर्ड और पावर इन्वर्टर बरामद किए गए। इसके अलावा नक्सली साहित्य, झंडा, काली यूनिफॉर्म और अन्य सामग्री भी मिली।

जगदलपुर के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में कृष्णा ट्रेवल्स की बस रोककर चालक और परिचालक से मारपीट की गई। तिरथुम गांव में आमचो बस्तर ढाबा के सामने हुई घटना के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इधर, सुकमा के कोंटा में विकास परियोजनाओं को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा ने किसान रैली और धरना-प्रदर्शन किया। मोर्चा ने पोलावरम परियोजना, जमीन अधिग्रहण और प्रस्तावित रेल लाइन को लेकर चिंता जताई। साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, किसानों को राहत और पात्र परिवारों को वनाधिकार पट्टा देने की मांग की गई।

कांकेर के पखांजूर में वाइंडिंग दुकान से तांबा चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने 29 वर्षीय आरोपी मुकुल मंडल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 किलो तांबा तार बरामद किया। चोरी में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

वहीं जगदलपुर के धरमपुरा स्थित शौंडिक भवन कंगोली में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन गोवर्धन लीला का वर्णन किया गया। कथा व्यास अनादि जी महाराज ने श्रद्धालुओं को अहंकार छोड़ने और परमात्मा पर विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। भजन-कीर्तन और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से कथा परिसर भक्तिमय रहा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar