
जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। अब सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों को 10 हजार रुपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है। वहीं कचरा फेंकने वालों की जानकारी नगर निगम को देने वाले नागरिकों को भी 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। खास बात यह है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने पर लगेगा 10 हजार का जुर्माना
दरअसल, नगर निगम की एमआईसी (MIC) की बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। इसके तहत अब सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नए फैसले के अनुसार, सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकते पाए जाने वाले लोगों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही ऐसे लोगों की जानकारी नगर निगम तक पहुंचाने वाले व्यक्ति को भी 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इस योजना की खास बात यह है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग कर सकें।
आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी : महापौर संजय पांडे
एमआईसी की बैठक में लिए गए इस फैसले को लेकर महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए केवल नगर निगम के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।
क्या इनामी योजना से शहर में सुधरेगी सफाई व्यवस्था?
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना है। अब देखना होगा कि जुर्माने और इनाम की यह व्यवस्था जगदलपुर शहर को स्वच्छ बनाने में कितनी कारगर साबित होती है।




