
बोरीगांव में शोकाकुल परिवार से मिले सांसद, जनपद अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि
बकावंड 30 अक्टूबर 2026
बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोरीगांव निवासी दिवंगत गंगा चंद्राकर के दशगात्र कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
उल्लेखनीय है कि गंगा चंद्राकर ने आवारा कुत्ते के हमले के दौरान मासूम बच्चों को बचाने के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया था। बच्चों की जान बचाने के प्रयास में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाल दी थी। हालांकि, रेबीज संक्रमण के चलते 21 अक्टूबर को जगदलपुर के महारानी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनकी बहादुरी और असमय निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।
दिवंगत गंगा चंद्राकर, नवीन चंद्राकर की पत्नी थीं। नवीन चंद्राकर बस्तर सांसद महेश कश्यप के पायलट वाहन के चालक (पायलट ड्राइवर) के रूप में अपनी सेवाएं देते हैं। इसी दुखद घटना के बाद आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप ने स्वयं पहुंचकर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत गंगा चंद्राकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सोनभारी भद्रे, बकावंड मंडल अध्यक्ष पिताम्बर कश्यप, सरगीपाल मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष खगेश्वर कर्मा, जनपद सदस्य अनिल कुमार बिसाईं, कमलेश विश्वकर्मा, महामंत्री दामोदर बघेल, महामंत्री रणवीर सिंह वैश्य, सरपंच पति पाकलू कश्यप, हेमराज चंद्राकर सहित भाजपा के पदाधिकारी, मोर्चा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
गंगा चंद्राकर का साहस और त्याग क्षेत्रवासियों के लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा। मासूम बच्चों की जिंदगी बचाने के लिए उन्होंने जिस बहादुरी का परिचय दिया, वह मानवता और ममत्व की मिसाल है। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र ने एक साहसी महिला को खो दिया है। उनका साहस और मानवीय संवेदना आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।





