राज्योत्सव में स्कूल शिक्षा विभाग की स्टॉल बनेगी आकर्षण का केंद्र, आधुनिक शिक्षा और डिजिटल नवाचारों की दिखेगी झलक

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में इस बार स्कूल शिक्षा विभाग की स्टॉल प्रदेश की बदलती शिक्षा व्यवस्था और आधुनिक शैक्षणिक नवाचारों का प्रमुख आकर्षण बनेगी। यहां आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास, समावेशी शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल एवं उपलब्धियां देखने को मिलेंगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को राज्योत्सव में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
समावेशी शिक्षा से लेकर डिजिटल लर्निंग तक दिखेंगे नवाचार
विभागीय स्टॉल में शिक्षा के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें समावेशी शिक्षा एवं संस्कृति, कौशल विकास एवं शिक्षा, STEM, अटल टिंकरिंग लैब (ATL), कंपोजिट लैब, नवाचार, SCERT की उपलब्धियां, मुस्कान पुस्तकालय एवं डिजिटल लाइब्रेरी, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, स्मार्ट शिक्षण, NCC, स्काउट गाइड, रेड क्रॉस और डिजिटल लर्निंग जैसे विषय शामिल होंगे।
इनके माध्यम से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।
STEM, ATL और कंपोजिट लैब से बढ़ेगी वैज्ञानिक सोच
स्टॉल में आधुनिक शिक्षा प्रणाली के तहत विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) आधारित शिक्षा को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही अटल टिंकरिंग लैब और कंपोजिट लैब के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के प्रयासों को दर्शाया जाएगा।
वहीं डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की पहल भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
SCERT की उपलब्धियों और शिक्षक प्रशिक्षण पर रहेगा फोकस
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) की शैक्षणिक उपलब्धियों, शिक्षक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी स्टॉल में स्थान दिया जाएगा।
इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, व्यावहारिक ज्ञान, कौशल आधारित शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने की अवधारणा को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
NCC, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस से व्यक्तित्व विकास
शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्टॉल में NCC, स्काउट गाइड और रेड क्रॉस जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा समावेशी एवं समग्र शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य को भी रेखांकित किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बदलती तस्वीर आएगी सामने
राज्योत्सव में स्कूल शिक्षा विभाग की यह स्टॉल प्रदेश की बदलती शिक्षा व्यवस्था, आधुनिक तकनीकों के समावेश और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सामने लाएगी।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी।




