
जगदलपुर,31 अक्टूबर 2026
भारतीय जनता पार्टी बस्तर जिला द्वारा आगामी 2 नवंबर 2026, सोमवार को संभाग मुख्यालय जगदलपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत विशाल सभा और भव्य पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने विशाल सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद शहर में भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
किरण सिंह देव और केदार कश्यप ने ली जिलास्तरीय बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की उपस्थिति में महत्वपूर्ण जिलास्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की सभी तैयारियां गंभीरता से और निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और आमजनों को कार्यक्रम से जोड़ें, ताकि विशाल सभा और पदयात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
देश का वातावरण खराब करना चाहते हैं विपक्षी दल और स्वार्थी तत्व : किरण सिंह देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन तथ्यहीन, असंवैधानिक और भ्रामक बातों के जरिए लोगों को गुमराह करने तथा अराजकता फैलाने की मानसिकता को प्रश्रय नहीं दिया जा सकता।
उन्होंने कहा कि देश के विपक्षी दल और कुछ स्वार्थी तत्व देश का वातावरण खराब करना चाहते हैं। उनकी विकास और व्यवस्था विरोधी मानसिकता को उजागर करना जरूरी है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम ऐसे तत्वों की असलियत सामने लाने का प्रयास है।
देश विरोधी मानसिकता को उजागर करना जरूरी : केदार कश्यप
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की सकारात्मक पहचान बन रही है। ऐसे में कुछ तत्व देश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के पास न कोई तथ्य है और न ही कोई ठोस सबूत। वे भ्रम का वातावरण बनाकर संवैधानिक व्यवस्थाओं पर अनर्गल सवाल खड़े कर रहे हैं और देश के वातावरण को विषाक्त कर अराजकता पैदा करना चाहते हैं। उनकी इस मानसिकता को विफल करना और देश के सामने उजागर करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से भाजपा द्वारा यह अभियान शुरू किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष ने तैयारियों की दी जानकारी
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने विशाल सभा और भव्य पदयात्रा के आयोजन की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक के अंत में अहिवारा के भाजपा विधायक स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के असामयिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक का संचालन जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही ने किया। इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जिला महामंत्री परीस बेसरा, जिला उपाध्यक्ष आर्येंद्र सिंह आर्य, नरसिंह राव, ललिता बघेल, सफीरा साहू, रामकुमारी यादव, योगेन्द्र पाण्डेय, फूल सिंह सेठिया, सुब्रतो विश्वास, नारायण ठाकुर, किरण सेन, रोहित त्रिवेदी, राजपाल कसेर, प्रकाश झा, अविनाश श्रीवास्तव, प्रवीण सांखला, महेन्द्र सेठिया, पुरुषोत्तम जोशी, पदलाम नाग, संतोष बघेल, अभिलाष यादव, माहेश्वरी ठाकुर और योगेश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




