छत्तीसगढ़बकावंड

छिनारी की बेटियों ने रचा इतिहास, टैलेंट तिहार में सामूहिक नृत्य में जिले में प्रथम

बकावंड,3 सितंबर 2026

जिला स्तरीय टैलेंट तिहार में विकासखंड बकावंड के माध्यमिक शाला छिनारी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ पूरे छिनारी गांव में हर्ष का माहौल है।

जिला स्तरीय मंच पर पहली बार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंची छिनारी की बेटियों ने शानदार प्रस्तुति देकर पहला स्थान हासिल किया। ग्रामीण अंचल की इन छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी क्षेत्र की मोहताज नहीं होती। उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर गांव की बेटियां भी जिला स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

छात्राओं की इस सफलता में विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नीला भारती, शोभावती नाग, सुंदर लाल सेठिया, नीलमणी टीकरिया एवं ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में छात्राओं ने प्रतियोगिता की तैयारी की और पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी।

छात्राओं की उपलब्धि पर ग्राम पंचायत छिनारी की सरपंच आशमती बघेल एवं उपसरपंच ललिता नाग ने शाला परिवार और छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे छिनारी गांव के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

छिनारी की बेटियों की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय और गांव के लिए गौरव का विषय है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar