टाइगर रिजर्व में 15 साल का खेल उजागर: 106 हेक्टेयर पर कब्जा, ISRO इमेज से खुलासा, 166 आरोपी जाएंगे जेल

गरियाबंद, 24 अप्रैल 2026/ भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की सैटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वेक्षण से उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि पिछले 15 वर्षों में 106 हेक्टेयर वन भूमि पर कब्जा कर करीब 1 लाख पेड़ों की अवैध कटाई की गई।
वन विभाग के मुताबिक सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव के 166 लोगों ने धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ाया। पहले 2011 में 45 हेक्टेयर में कब्जा था, जो अब बढ़कर 106 हेक्टेयर तक पहुंच गया। आरोप है कि कई लोगों के पास पहले से राजस्व भूमि होने के बावजूद उन्होंने लालच में वन भूमि पर कब्जा किया।
सैटेलाइट डेटा (2008, 2010, 2012, 2022) और ड्रोन सर्वे के जरिए हर कब्जे को चिन्हित किया गया। ठूंठों की गिनती और पंचनामा तैयार कर 166 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सबूत मिटाने के लिए कई जगह ठूंठों में आग लगाने की भी पुष्टि हुई है।
वन विभाग ने सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया है। वाइल्डलाइफ एक्ट के तहत 7 साल तक की सजा और लोक संपत्ति क्षति अधिनियम के तहत 3 साल तक की सजा का प्रावधान है। साथ ही अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि बेदखली की कार्रवाई जल्द शुरू होगी और खाली कराई गई जमीन पर फिर से पौधारोपण कर जंगल बहाल किया जाएगा। पिछले तीन वर्षों में भी 850 हेक्टेयर अतिक्रमण हटाकर 600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।




