छत्तीसगढ़जगदलपुर/बकावंड/

बकावंड में रेत माफिया के खिलाफ मोर्चा: 9 सूत्रीय मांगों के साथ प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

बकावंड (बस्तर), 21 अप्रैल 2026
बकावंड क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और राजस्व नुकसान के मुद्दे पर अब विरोध तेज हो गया है। बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा ने इस मामले में प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ज्ञापन सौंपा है। संगठन के जिला अध्यक्ष नीलाम्बर भद्रे के नेतृत्व में 9 सूत्रीय मांगें रखी गईं।

मोर्चा ने मांग की है कि क्षेत्र में संचालित सभी रेत खदानों की सूची सार्वजनिक कर पारदर्शी निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही रेत खदानों में स्थानीय युवाओं, सहकारी समितियों और स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता देने की बात कही गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

ज्ञापन में राजस्व, पुलिस, खनिज और आबकारी विभाग का संयुक्त विशेष दल बनाकर नियमित पेट्रोलिंग कराने, छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थायी चेक पोस्ट स्थापित करने और अवैध उत्खनन व परिवहन पर सख्त कार्रवाई की मांग भी शामिल है। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों पर रोक, सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और खनन से मिलने वाले राजस्व का लाभ पंचायतों को देने की बात भी उठाई गई है।

मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यह मामला सिर्फ राजस्व हानि तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और स्थानीय रोजगार जैसे अहम मुद्दों से जुड़ा हुआ है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनहित में लोकतांत्रिक तरीकों से उच्च स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar