
जगदलपुर,12 अगस्त 2026
नक्सलमुक्त बस्तर के अतिसंवेदनशील क्षेत्र झीरम में देशभक्ति और वीर शहीदों की स्मृति को समर्पित तिरंगा यात्रा का आयोजन 13 अगस्त, गुरुवार को किया जाएगा। यात्रा को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में भाजपा युवा मोर्चा के सदस्यों ने झीरम पहुंचकर प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने यात्रा के मार्ग, सहभागिता, आयोजन की व्यवस्थाओं और श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि झीरम की धरती वीर शहीदों के बलिदान की साक्षी रही है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही झीरम हमले में शहीद हुए वीर जवानों और जनप्रतिनिधियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष आनंद झा ने बताया कि दरभा क्षेत्र से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो दरभा होते हुए झीरम शहीद स्मारक पहुंचेगी। यहां सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
भाजपा युवा मोर्चा ने अधिक से अधिक युवाओं और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति और शहीदों के सम्मान का संदेश बुलंद करने का आह्वान किया है।
इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव, उपाध्यक्ष जीवनाथ मौर्य, आनंद झा, दरभा मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




