अन्य खबरें

गुमला में 13 साल की आदिवासी बच्ची से गैंगरेप, बेरहमी से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत

झारखंड,27 सितम्बर 2026

झारखंड के गुमला जिले में 13 वर्षीय आदिवासी बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बच्ची 24 सितंबर की शाम घर से निकली थी। रात करीब 8 बजे वह घर के बाहर गंभीर हालत में मिली। परिजनों ने उसे पहले सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने के कारण उसे गुमला रेफर किया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने बच्ची को रांची स्थित रिम्स भेज दिया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और बेरहमी से मारपीट की गई। वारदात के बाद आरोपी उसे घर के बाहर गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।

पिता की शिकायत पर FIR दर्ज

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर पालकोट थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत में दुष्कर्म और मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए बसिया एसडीपीओ शिव शंकर मरांडी और सर्किल इंस्पेक्टर गुलशन भेंगरा पालकोट में कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने बच्ची की कुछ सहेलियों और युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 24 सितंबर की शाम घर से निकलने के बाद बच्ची किन लोगों के संपर्क में थी और उसके साथ घटनाक्रम में क्या हुआ। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar