छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू, 10 मेडिकल कॉलेजों में प्रदर्शन, ग्रेड पे समेत नौ मांगों पर अड़े कर्मचारी

रायपुर,18 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर नर्सिंग कर्मचारियों ने आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के आह्वान पर बुधवार, 18 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जा रहा है। इस आंदोलन में चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हो रहे हैं।
आंदोलन के पहले चरण में प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करना, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण सहित कुल नौ सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
2018 की कमेटी रिपोर्ट लागू करने की मांग
नर्सिंग कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन और विभाग के सामने आवाज उठा रहे हैं। संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना शामिल है। इसके अलावा संविदा, दैनिक वेतनभोगी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों को नियमित करने तथा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करने की मांग की जा रही है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर कई बार शासन और विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी नाराजगी के चलते कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया है।
ग्रेड पे का आदेश नहीं आया तो आंदोलन होगा तेज
संघ ने स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को आंदोलन की सूचना दे दी है। विभाग की ओर से वर्ष 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर काम चलने की जानकारी दी गई है, लेकिन संघ इससे संतुष्ट नहीं है।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आंदोलन शुरू होने के दो से तीन दिनों के भीतर ग्रेड पे का आदेश जारी नहीं हुआ, तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल होंगे। इससे आंदोलन और व्यापक होने की संभावना है।
21 नवंबर को नवा रायपुर में जुटेंगे प्रदेशभर के कर्मचारी
नर्सिंग कर्मचारी संघ ने आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति भी तैयार की है। 21 नवंबर 2026 को नवा रायपुर स्थित धरना स्थल पर प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारियों को जुटाने की तैयारी की जा रही है। यहां से मुख्यमंत्री निवास के घेराव की रणनीति बनाई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय से जुड़े संघ के सदस्यों ने प्रेस वार्ता में आंदोलन की जानकारी देते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है। अब देखना होगा कि सरकार और विभाग की ओर से कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।




