छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

राशन की अनियमितता और शिक्षक की कमी के खिलाफ 500 ग्रामीणों का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर, 28 सितम्बर 2026। ग्राम पंचायत तारेका और चारगांव के करीब 500 ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता और प्राथमिक शाला चारगांव में शिक्षकों की कमी को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आदिवासी नेता एवं बस्तर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025-26 से चारगांव में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि राशन संचालक युवराज बघेल द्वारा कुछ राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया जा रहा है। वहीं, कुछ हितग्राहियों से दो माह का फिंगरप्रिंट/बायोमेट्रिक सत्यापन लेने के बावजूद राशन नहीं मिलने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की।

ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत स्तर पर कार्रवाई के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर पात्र हितग्राहियों को पूरा और नियमित राशन उपलब्ध कराने की मांग की।

90 बच्चों पर एक शिक्षक

ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला चारगांव में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार स्कूल में करीब 90 छात्र-छात्राओं के लिए केवल एक शिक्षक है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।

हेमंत कश्यप ने कहा कि गरीबों के हक का राशन और ग्रामीण बच्चों की शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को आश्वासन के बजाय समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

दो दिन में राशन वितरण का आश्वासन

ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त करते हुए बस्तर संयुक्त कलेक्टर अगर सिंह राणा ने जिला खाद्य अधिकारी से फोन पर चर्चा की और राशन वितरण व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को दो दिनों के भीतर राशन वितरण करवाने का आश्वासन दिया गया।

हेमंत कश्यप ने कहा, “हम आश्वासन नहीं, समाधान चाहते हैं। गरीबों के हक के राशन और बच्चों के शिक्षा के अधिकार से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी।”

प्रदर्शन के दौरान तारेका सरपंच जोगेंद्र बघेल, चारगांव सरपंच रवि बघेल, धनपति बघेल, नकुल कश्यप, लखमू कश्यप, मदन कश्यप, मानसाय मंडावी, जयराम नेताम, रायधार कश्यप, किरस नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar