छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

जगदलपुर में कलेक्टर आकाश छिकारा ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र, बोले- लक्ष्य का ‘क्यों’ स्पष्ट होगा तो मंजिल आसान होगी

 

जगदलपुर, 25 जुलाई 2026

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को लाला जगदलपुरी केंद्रीय ग्रंथालय में प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना और सहायक कलेक्टर यशवंत नायक ने अपने अनुभव साझा करते हुए सफलता के अहम मंत्र दिए।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि किसी भी कठिन परीक्षा में सफलता के लिए निरंतरता, सही दिशा और आत्मविश्वास सबसे जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि लक्ष्य का उद्देश्य स्पष्ट रखें, क्योंकि आंतरिक प्रेरणा ही लंबे समय तक आगे बढ़ने की ताकत देती है। उन्होंने पढ़ाई के दौरान स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाने, नियमित रिवीजन करने, बेहतर प्रदर्शन पर स्वयं को प्रोत्साहित करने और रोजाना 3 से 4 घंटे गुणवत्तापूर्ण अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन आत्ममंथन, टहलने और गहरी सांस लेने की आदत अपनाने पर जोर दिया।

जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने नौकरी और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाने के टिप्स देते हुए कहा कि समय का सही प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने आसान और मध्यम स्तर के विषयों पर मजबूत पकड़ बनाने तथा नियमित मॉक टेस्ट देने की सलाह दी। वहीं सहायक कलेक्टर यशवंत नायक ने अंतिम दिनों में रिवीजन प्लान, शॉर्ट नोट्स और फॉर्मूला तैयार कर पढ़ाई करने को प्रभावी रणनीति बताया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के सिलेबस, समय प्रबंधन और परीक्षा के तनाव से जुड़े सवालों के सहजता से जवाब दिए। अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलने पर युवाओं में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा अशोक पांडे, ग्रंथालय के सदस्य तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar