छत्तीसगढ़ में शादी के 11 शुभ मुहूर्त के बीच रेलवे का बड़ा झटका, 26 नवंबर से 52 ट्रेनें रद्द, बाराती और यात्री परेशान

रायपुर,18 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में देवउठनी एकादशी के साथ शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने जा रहा है। नवंबर और दिसंबर के पहले पखवाड़े में विवाह के लिए केवल 11 शुभ मुहूर्त होने के कारण प्रदेशभर में हजारों शादियां होने की संभावना है। इस बीच रेलवे ने यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 26 नवंबर से 17 दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 52 ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इससे शादी समारोह में शामिल होने वाले बारातियों और पहले से रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
नवंबर-दिसंबर में केवल 11 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, नवंबर महीने में विवाह के लिए केवल चार शुभ दिन 21, 24, 25 और 26 नवंबर निर्धारित हैं। वहीं दिसंबर के पहले पखवाड़े में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद 16 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा। सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ ही मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।
शुभ मुहूर्त की संख्या सीमित होने के कारण इन दिनों में प्रदेशभर में बड़ी संख्या में शादियां आयोजित होंगी। ऐसे में मेहमानों, बारातियों और रिश्तेदारों के आवागमन के लिए ट्रेनों पर निर्भर परिवारों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 52 ट्रेनें रद्द
रेलवे के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इसी वजह से 26 नवंबर से 17 दिसंबर के बीच अलग-अलग तिथियों में 52 ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ गाड़ियों की यात्रा बीच के स्टेशनों पर ही समाप्त कर दी जाएगी।
शादी के व्यस्त सीजन में पहले से ही ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बनी हुई है। त्योहारी सीजन के बाद लौटने वाले यात्रियों का दबाव भी है। ऐसे में ट्रेनों के रद्द होने से उपलब्ध गाड़ियों में सीटों की मारामारी और बढ़ने की आशंका है।
हावड़ा, मुंबई, पुणे और हैदराबाद रूट पर पड़ेगा असर
रेलवे के इस फैसले का असर कई प्रमुख रेल मार्गों पर देखने को मिलेगा। इनमें हावड़ा, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों से जुड़े रूट शामिल हैं।
रद्द होने वाली ट्रेनों में टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, हावड़ा-पुणे दुरंतो, छपरा-दुर्ग एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, सांतरागाछी-पुणे एक्सप्रेस, तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस, कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, हटिया-पुणे एक्सप्रेस और हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
महीनों पहले रिजर्वेशन कराने वाले परिवार परेशान
रेलवे के इस फैसले से उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने शादी समारोह में शामिल होने के लिए महीनों पहले टिकट बुक करा रखे हैं। कई यात्रियों को अब बस या निजी वाहनों से सफर करने का विकल्प तलाशना पड़ सकता है। वहीं, कुछ परिवारों को अपनी यात्रा की तारीखों में बदलाव भी करना पड़ सकता है।
खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी हो सकती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस और परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें। केवल पुराने टिकट और समय-सारणी के भरोसे स्टेशन न पहुंचें।




