छत्तीसगढ़ की हस्तशिल्प परंपरा को मिली राष्ट्रीय पहचान, कोंडागांव और रायगढ़ के 50 शिल्पकारों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात

रायपुर, 16 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा और पारंपरिक कारीगरी को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण पहचान मिली है। सोमवार को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। इस विशेष अवसर पर प्रदेश की पीढ़ियों पुरानी शिल्पकला, जनजातीय संस्कृति और कलाकारों के पारंपरिक हुनर को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।
यह प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत शिल्पकारों का था। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने इन शिल्पकारों से भेंट करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी क्रम में 50 कलाकारों का दल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत और सचिव श्री राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए देशभर में पहचान रखती है। इस कला के माध्यम से धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों की सुंदर कलाकृतियां तैयार की जाती हैं। इन कलाकृतियों में प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन की झलक देखने को मिलती है।
कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को संरक्षित करते आ रहे हैं। उनका कौशल और पारंपरिक ज्ञान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। राष्ट्रपति भवन में हुई यह मुलाकात उन कलाकारों के लिए विशेष सम्मान का अवसर बनी, जो अपनी कला के माध्यम से प्रदेश की पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिलता रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकारों की राष्ट्रपति से मुलाकात प्रदेश की जीवंत हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है।




