छत्तीसगढ़

महासमुंद जिला जेल से कंबल के सहारे दीवार फांदकर भागे चार कैदी, पांचवां गिरकर पकड़ा गया; पुलिस ने शुरू की तलाश

महासमुंद,16 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सोमवार सुबह कैदियों के फरार होने की घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। यहां पांच कैदियों ने जेल से भागने की योजना बनाई, जिसमें से चार कैदी ऊंची दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहे, जबकि पांचवां दीवार पार करते समय नीचे गिर गया और जेल प्रशासन ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है।

कंबल के सहारे दीवार फांदकर हुए फरार

जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की है। पांच कैदियों ने जेल से बाहर निकलने के लिए कंबल का इस्तेमाल किया और जेल की ऊंची दीवार फांदने की कोशिश की। इस दौरान चार कैदी दीवार पार कर फरार हो गए, जबकि पांचवां कैदी गिर पड़ा और पकड़ा गया।

फरार कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेंद्र और पंचराम के रूप में हुई है। इनमें से तीन कैदी NDPS एक्ट के तहत नशे के कारोबार से जुड़े मामलों में जेल में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले में आरोपी था।

पुलिस ने शुरू की फरार कैदियों की तलाश

घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस जुट गई है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

2021 में भी फरार हुए थे पांच कैदी

महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी दिनदहाड़े पांच कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इनमें एक कैदी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के रहने वाले थे।

उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित कर दिया था। निलंबित किए गए कर्मचारियों में मुख्य प्रहरी भी शामिल था। अब एक बार फिर जेल से कैदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar