छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

BASTAR NEWS UPDATE:बस्तर में गड़ा धन पाने 2 बच्चों की कथित बलि की तैयारी का आरोप, दंतेश्वरी मंदिर में 12.61 लाख का चढ़ावा; 1 अक्टूबर तक ट्रेनें प्रभावित

जगदलपुर,30 सितंबर 2026

बस्तर संभाग से बुधवार को कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। नगरनार थाना क्षेत्र में दो 12 वर्षीय बच्चों की कथित नरबलि की तैयारी के आरोप से लेकर दंतेश्वरी मंदिर की दानपेटियों से 12.61 लाख रुपये की राशि मिलने और भूस्खलन के कारण जगदलपुर में ट्रेन सेवा प्रभावित होने तक कई घटनाएं चर्चा में हैं।

गड़ा धन पाने 2 बच्चों की कथित बलि की तैयारी का आरोप

जगदलपुर से करीब 25 किलोमीटर दूर नगरनार थाना क्षेत्र के कोहकापाल गांव में दो 12 वर्षीय बच्चों की कथित नरबलि की तैयारी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, गड़ा धन पाने के लालच में बच्चों की बलि देने की तैयारी की जा रही थी। बताया गया कि दोनों बच्चे किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

हालांकि, एएसपी सुखनंदन राठोर के अनुसार यह मामला करीब दो महीने पुराना बताया जा रहा है और इस संबंध में थाने में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी को पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ग्रामीणों और संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है।

दंतेश्वरी मंदिर की दानपेटियों से निकले 12.61 लाख रुपये

बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में 29 सितंबर को दो दानपेटियां खोली गईं। इनमें से 12 लाख 61 हजार 260 रुपये की राशि प्राप्त हुई। इसके अलावा करीब ढाई तोला सोने के आभूषण और 210 ग्राम चांदी के आभूषण भी मिले।

मंदिर समिति और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम की मौजूदगी में दानपेटियां खोली गईं और राशि की गणना की गई। मंदिर में कुल चार दानपेटियां हैं, जिनमें से अब तक तीन खोली जा चुकी हैं।

दानपेटियों से रुपये और आभूषणों के साथ श्रद्धालुओं के कृतज्ञता पत्र भी मिले। इन पत्रों में परिवार की खुशहाली, नौकरी और मनोकामना पूरी होने के बाद मां दंतेश्वरी के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।

भूस्खलन से जगदलपुर की ट्रेन सेवा प्रभावित

मल्लीगुड़ा और जरति के बीच भूस्खलन तथा करीब 60 मीटर लंबी पटरी के नीचे की मिट्टी बह जाने के कारण रेल परिवहन प्रभावित है। लगातार राहत और मरम्मत कार्य के बावजूद मार्ग पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाया है।

रेलवे के अनुसार 1 अक्टूबर तक विशाखापट्टनम, भुवनेश्वर, राउरकेला और हावड़ा से आने-जाने वाली ट्रेनों का जगदलपुर तक संचालन प्रभावित रहेगा। घाटी क्षेत्र में पटरी की मरम्मत के लिए 10 क्रेन और करीब 200 मजदूर काम कर रहे हैं।

इस व्यवधान के कारण विशाखापट्टनम से किरंदुल आने वाली पैसेंजर नाइट एक्सप्रेस स्थगित की गई है, जबकि जगदलपुर से हावड़ा, भुवनेश्वर और राउरकेला जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन कोरापुट तक किया जा रहा है। इसके अलावा किरंदुल-बचेली से विशाखापट्टनम और रायगढ़ की ओर लौह अयस्क लेकर जाने वाली करीब 40 मालगाड़ियां भी प्रभावित हुई हैं।

पैसों के विवाद में बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा में पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की टंगिया से वार कर हत्या कर दी गई। फरसपाल पुलिस ने मामले में मृतक के भाई मुन्ना भोगामी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात मिडकुलनार स्कूलपारा निवासी पिसो भोगामी के कमरे में उनके भाई मुन्ना भोगामी पहुंचे थे। अगले दिन पिसो मृत अवस्था में मिले और उनके गले पर टंगिया से वार के निशान थे।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर पुरानी रंजिश थी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

BJP से भोपेश नेताम का इस्तीफा, संगठन पर लगाए आरोप

कांकेर के नरहरपुर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और वर्तमान जनपद पंचायत सभापति भोपेश नेताम ने भारतीय जनता पार्टी के सभी दायित्वों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपना इस्तीफा सार्वजनिक किया।

भोपेश नेताम ने पार्टी संगठन और स्थानीय विधायक पर कई आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनकी माता के स्थानांतरण के मामले में मदद नहीं मिली और बाद में एक अधिकारी को डेढ़ लाख रुपये देने के बाद स्थानांतरण रुकवाया गया। उन्होंने पार्टी में जुआ खेलने वालों को पद दिए जाने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का भी आरोप लगाया।

इन आरोपों पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश जैन ने कहा कि यदि भोपेश नेताम की उपेक्षा होती तो पार्टी उन्हें नगर पंचायत चुनाव में टिकट नहीं देती। उन्होंने नेताम के आरोपों को उनकी निजी महत्वाकांक्षा से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी।

इससे पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके कोमल हुपेंडी के इस्तीफे की खबर भी सामने आई थी। बस्तर संभाग में लगातार सामने आ रहे राजनीतिक इस्तीफों को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar