छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिव बदले, विजय जांगिड और संपत कुमार हटाए गए; कोको पाढ़ी को ओडिशा और नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी

रायपुर,20 नवंबर 2026
कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए AICC के 81 सचिवों की सूची जारी की है। इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारियां भी बदल दी गई हैं। अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का नया AICC सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं विजय जांगिड और संपत कुमार को प्रदेश की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों में बदलाव को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इसमें विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और पार्टी के अलग-अलग विभागों के लिए AICC सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति की जानकारी दी गई है। ये सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
इसके साथ ही जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटाकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब प्रदेश कांग्रेस संगठन में नए प्रभारी सचिवों की टीम काम करेगी।
छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी
संगठनात्मक फेरबदल में छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी जिम्मेदारी दी गई है। युवा नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं नरेश ठाकुर को गुजरात PCC की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देवेंद्र यादव और राजेश तिवारी पद से हटाए गए
भिलाई नगर से विधायक देवेंद्र यादव को गुजरात PCC के प्रभारी सचिव पद से हटा दिया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव राजेश तिवारी को भी पद से हटाया गया है।
कई राज्यों में बदले गए AICC सचिव
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में सचिवों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इसके अलावा संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया सहित पार्टी के विभिन्न विभागों में भी पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं।




