छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में खपाने ले जाई जा रही थी पनीर की बड़ी खेप, दस्तावेज नहीं मिलने पर खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

खैरागढ़,20 नवंबर 2026

मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के बाजारों में पहुंचाई जा रही 1500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप पुलिस ने जब्त की है। भोपाल से रायपुर जा रही महिंद्रा पिकअप को खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर जांच के दौरान रोका गया। वाहन की तलाशी में 30 कार्टून पनीर मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी वास्तविक गुणवत्ता का खुलासा प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप क्रमांक MP 04 WC 8384 को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ में चालक शिशुपाल ने बताया कि वाहन में पनीर रखा है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर ले जाया जा रहा है।

इसके बाद पुलिस ने खाद्य विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई। तलाशी के दौरान पिकअप में 50-50 किलो के 30 कार्टून मिले। इस तरह कुल करीब 1500 किलो पनीर बरामद हुआ। चालक के मुताबिक, पनीर की यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान पर पहुंचाई जानी थी।

पनीर की गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले

जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने बताया कि पनीर की शुद्धता से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले हैं। पहली नजर में यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है।

खाद्य विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त पनीर सामान्य पनीर है या एनालॉग पनीर। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

इस कार्रवाई के बाद अंतरराज्यीय खाद्य सामग्री की आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। करीब 1500 किलो पनीर बिना गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों के किस तरह रायपुर भेजा जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल खाद्य विभाग की जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar