छत्तीसगढ़

अमरकंटक में कांवड़ियों के बीच पहुंचे डिप्टी CM विजय शर्मा, भोजन प्रसादी बांटकर श्रद्धालुओं के साथ किया प्रसाद ग्रहण

रायपुर,25 अगस्त 2026

सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। यहां उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन कर नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया। उन्होंने मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर स्वयं भी प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा और मार्ग में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा के लिए विशेष इंतजाम

उल्लेखनीय है कि अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, ठहरने और भोजन सहित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मार्ग में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस पेट्रोलिंग दल भी तैनात किए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मृत्युंजय आश्रम में भोजन और रात्रि विश्राम की सुविधा

अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। यहां श्रद्धालुओं को दाल-भात, सब्जी, खीर, पूरी और हलवा सहित भोजन प्रसादी उपलब्ध कराई जा रही है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सावन माह के इस पवित्र अवसर पर भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूर्ण कर सकें।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar