छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर में सुपर गर्ल प्रतियोगिता का जलवा: छात्राओं ने छह विधाओं में मारी बाजी, बेटी बचाओ से पर्यावरण संरक्षण तक रखे विचार

बस्तर, 10 अक्टूबर। विकासखंड बस्तर में आयोजित खंड स्तरीय सुपर गर्ल प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गायन, चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, कविता और वादन सहित छह विधाओं में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ पार्षद समीर मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के दौरान चित्रकला में पर्यावरण संरक्षण, भाषण में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और पर्यावरण संरक्षण तथा वाद-विवाद में शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए।

छह विधाओं में इन छात्राओं ने मारी बाजी

प्रतियोगिता की चित्रकला विधा में प्राथमिक स्तर पर रश्मि बघेल, माध्यमिक स्तर पर रिद्धि मरकाम और हायर सेकेंडरी स्तर पर सेलिना बघेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गायन में तनु बघेल, दीप्ति मरकाम और सानिया जैन विजेता रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में एंजेल बघेल, जेसिका ठाकुर और दीपशिखा सेठिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, वाद-विवाद में कांची भोयर, दिलेश्वरी बघेल और देविका ने बाजी मारी।

कविता विधा में प्राथमिक स्तर पर संगीता, माध्यमिक स्तर पर कविता मरकाम और हाई स्कूल स्तर पर अंबिका नाग प्रथम रहीं। वादन प्रतियोगिता में कविता यादव, प्रज्ञा खंडालकर और अमीना ने अपने-अपने स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष रामानंद मिश्रा ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। इस तरह के आयोजन छात्राओं की क्षमताओं को सामने लाने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनपद पंचायत बस्तर के अध्यक्ष संतोष बघेल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने आयोजन को सफल बनाने में संकुल समन्वयकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जनपद सदस्य गजेंद्री बघेल, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी, खंड स्रोत समन्वयक अजम्बर कोर्राम सहित संकुल शैक्षिक समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मंच संचालन महेंद्र सिंह ठाकुर ने किया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar