छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में बायसन का हमला: तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान ग्रामीण की मौत, दो घायल

बलौदाबाजार , 21 /05/26। जिले के वन विकास निगम परियोजना परिक्षेत्र रवान अंतर्गत जंगल में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान बायसन के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गजराडीह निवासी देवेन्द्र साहू (45 वर्ष) मंगलवार को अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक बायसन ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में देवेन्द्र साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं घटना में घायल दो अन्य ग्रामीणों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बलौदाबाजार वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी रवान द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि 25 हजार रुपये प्रदान की गई। साथ ही शासन के प्रावधानों के अनुसार परिवार को निर्धारित क्षतिपूर्ति राशि भी दी जाएगी।

वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने बताया कि वन विभाग द्वारा लगातार ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल क्षेत्रों में जाते समय सतर्कता बरतने और वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar