छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती, 20 नवंबर से आवेदन शुरू, जानें अंतिम तिथि और पूरी प्रक्रिया

रायपुर,20 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत विज्ञापन
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन और आवेदन का प्रारूप विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर भर्ती से जुड़ी शैक्षणिक योग्यता, आवश्यक अर्हता और अन्य शर्तों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इन कार्यालयों में जमा कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पत्र व्यक्तिगत रूप से अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। आवेदन निम्नलिखित कार्यालयों में स्वीकार किए जाएंगे:
- संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर
- संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर
- संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग
- संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर
- संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग सरगुजा
इन कार्यालयों में सभी कार्यालयीन दिवसों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित कार्यालयों के अलावा अन्य किसी कार्यालय में जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
एक आवेदन से सभी संभागों के पदों के लिए कर सकेंगे आवेदन
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को प्रत्येक जिले या संभाग के लिए अलग-अलग आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। एक ही आवेदन पत्र सभी जिलों एवं संभागों में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए मान्य होगा। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
वेबसाइट पर जारी होगी चयन प्रक्रिया की जानकारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने बताया है कि आवेदन पत्र अमान्य होने की स्थिति, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और भर्ती से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय-समय पर विभागीय वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। इस संबंध में अभ्यर्थियों से व्यक्तिगत रूप से किसी प्रकार का पत्र व्यवहार नहीं किया जाएगा।
ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़ी नवीनतम जानकारी और अपडेट के लिए विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।




